IPL 2026 : राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के 19वें सीजन में 8 विकेट की जीत के साथ शानदार शुरुआत की। सोमवार को रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 128 रन का लक्ष्य 13वें ओवर में हासिल कर लिया। 47 गेंद रहते जीत रॉयल्स के आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी है। 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंद में 52 रन ठोके। वे 15 गेंद में ही फिफ्टी तक पहुंच गए थे, जो टूर्नामेंट इतिहास में तीसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा।
हालांकि, राजस्थान की जीत की असली कहानी गेंदबाजों ने लिखी। पिच का फायदा उठाते हुए रॉयल्स ने चेन्नई को 19.4 ओवर में ही 127 रन पर समेट दिया। यह रॉयल्स के खिलाफ पहले खेलते हुए चेन्नई का तीसरा सबसे छोटा स्कोर रहा। अंशुल कंबोज (7*) और जेमी ओवर्टन (43) ने 10वें विकेट के लिए 33 रन जोड़े। यह सिर्फ छठा मौका रहा, जब चेन्नई धोनी (चोटिल) के बिना कोई आईपीएल मैच खेली। इनमें से पिछले 5 मैच टीम ने हारे हैं। पिछले सीजन राजस्थान 9वें व चेन्नई 10वें स्थान पर रहे थे।
रॉयल्स ने 6 ओवर में 74 रन ठोके
चेज में राजस्थान की टीम जल्दी मैच खत्म करने की कोशिश में दिखी। ओपनर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में ही 74 रन जोड़ डाले। वैभव ने पावरप्ले में ही अर्धशतक पूरा कर टीम की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक अपने नाम किया। दूसरे छोर पर यशस्वी (38 रन, 36 गेंद) ने धीमी पारी खेलकर उनका साथ निभाया। ध्रुव जुरेल (18) व रियान पराग (14*) को भी अच्छे स्टार्ट मिले।
राजस्थान ने पावरप्ले में ही चेन्नई के चार विकेट लेकर कब्जे में किया मुकाबला
टॉस हारकर बैटिंग कर रही चेन्नई की शुरुआत मैच में बेहद खराब रही। शुरुआती 6 ओवर में ही उसके चार प्रमुख बल्लेबाज, संजू सैमसन (6), कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (6), आयुष म्हात्रे (0) और मैथ्यू शॉर्ट (2) पवेलियन लौट गए। चेन्नई को पावरप्ले में ही बतौर इम्पैक्ट प्लेयर सरफराज खान को उतारना पड़ गया। हालांकि वे भी 17 रन बना सके, जबकि 14 करोड़ के कार्तिक शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान ने पिछले सीजन पावरप्ले में सबसे कम 17 विकेट झटके थे, जबकि इस बार शुरुआत से ही मैच अपनी पकड़ में रखा।













