ब्रेकिंग न्यूज़

पीएम मोदी की यूएई में मेगा डील, भारत को मिलेगा 48 हजार करोड़ का निवेश,भारत का ऑयल रिजर्व होगा 3 करोड़ बैरल 

Published on:

PM Modi's mega deal in UAE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) यात्रा में पांच मेगा डील कीं। लगभग ढाई घंटे की यात्रा में पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ एलपीजी-ऑयल रिजर्व, डिफेंस पार्टनरशिप, निवेश, शिपिंग और इनोवेशन सेक्टर में अहम करार किए। यूएई ने भारत में 48 हजार करोड़ रुपए (5 बिलियन डॉलर) के निवेश का ऐलान किया। साथ ही एलपीजी गैस की सप्लाई को बढ़ाने का भी समझौता किया। भारत के ऑयल रिजर्व को 3 करोड़ बैरल करने के लिए यूएई ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया। पीएम मोदी ने हाल के अमेरिका-ईरान युद्ध में यूएई पर हुए हमलों की निंदा करते हुए कहा कि भारत हमेशा से पश्चिम एशिया में शांति का समर्थक रहा है। भारत क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।

पीएम मोदी ने यूएई को अपना ‘दूसरा घर’ बताते हुए कहा, भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा, यूएई की मेरी यह यात्रा भले ही छोटी थी, लेकिन दोनों देशों के लिए बेहद उपयोग रही। कई समझौतों पर सहमति बनी है। बता दें कि पिछले 12 साल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की यूएई की यह आठवीं यात्रा थी।

यूएई और भारत में डिफेंस डील के आसार बढ़े

खाड़ी के प्रमुख देश यूएई के साथ भारत डिफेंस डील कर सकता है। विदेश मामलों के जानकारों का कहना है कि पहली कड़ी के रूप में स्ट्रैटेजिक डिफेंस पार्टनरशिप हुई है। अगले दौर में औपचारिक डिफेंस डील संभव है। इसका कारण हाल के युद्ध के दौरान ईरान की ओर से यूएई पर सबसे ज्यादा हमले किए जाना है। अब तक यूएई को अमेरिका की ओर से सिक्योरिटी गारंटी मिलती थी, लेकिन इस युद्ध में इस पर सवाल भी उठे। यूएई और इजराइल के बीच संबंध भी बढ़ रहे हैं। प. एशिया में भारत-यूएई-इजराइल के बीच आपसी सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

यूएई में लगभग 40 लाख भारतीय रहते हैं, जबकि वहां के नागरिकों की संख्या 14 लाख है। यूएई भारत का तीसरा बड़ा ट्रेड पार्टनर है। भारत और यूएई के बीच 2025-26 में 102 अरब डॉलर का ट्रेड हुआ।

गुजरात के वाडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर बनेगा

  • गुजरात के वाडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर बनाने के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और ड्रायडॉक्स वर्ल्ड के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) हुआ।
  • भारत में 8-एक्साफ्लॉप सुपरकंप्यूटिंग क्लस्टर बनाने के लिए जी 42 ग्रुप, मोहम्मद बिन जायद यूनिवर्सिटी ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में एग्रीमेंट हुआ है।
  • इंडियन स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्ब्स लिमिटेड और अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के बीच करार हुआ है।
  • यूएई भारत में 1 अरब डॉलर इंफ्रा में, 3 अरब डॉलर आरबीएल बैंक व 1 अरब डॉलर समन कैपिटल में लगाएगा।
  • प्रधानमंत्री मोदी के विमान को यूएई एयरफोर्स के एफ-16 फाइटर जेट्स ने एयर एस्कॉर्ट दिया। अबूधाबी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इधर… ब्रिक्स में जयशंकर की ईरानी विदेश मंत्री से होर्मुज पर बातचीत

  • नई दिल्ली में ब्रिक्स के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। विदेश मंत्री जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अरागची से होर्मुज पर बातचीत की। अरागची ने कहा, होर्मुज से भारतीय जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी। मित्र देशों के लिए होर्मुज हमेशा से खुला है। अरागची ने कहा, भारत पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों में अहम भूमिका निभा सकता है। ईरान हमेशा से भारत की भूमिका का प्रशंसक रहा है।
  • रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लवारोव ने कहा, ईरान-अमेरिका युद्ध में भारत मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। भारत के पास कूटनीतिक अनुभव है।
  • भारत ने अध्यक्षीय बयान जारी किया, कुछ मुद्दों पर एकराय नहीं होने संयुक्त बयान जारी नहीं हुआ।

पीएम मोदी यूएई से नीदरलैंड्स हुए रवाना

17 मई तक नीदरलैंड्स यात्रा के दौरान वे पीएम रॉब जैटिन से मुलाकात करेंगे। यात्रा के तीसरे चरण में 17 मई को ही पीएम मोदी स्वीडन पहुंचेंगे, 18-19 मई को वे नॉर्वे में रहेंगे। पीएम मोदी 19-20 मई को इटली में पीएम मेलोनी से मुलाकात करेंगे।

ये भी पढ़े –

UP Weather  : उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और तूफान से 31 लोगों की मौत

Gold/Silver Rate Today : इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से सोना एक दिन में 9 हजार तो चांदी ₹20 हजार हुई महंगी

Ujjain News: अचानक उपार्जन केंद्र पहुंचे सीएम, ट्रैक्टर पर चढ़कर खुद देखा गेहूं

UP News: पारिवारिक कलह से तंग नवयुवक ने लगाई फांसी, हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस