UP Varanasi News: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में साजन सिनेमा तिराहे के पास बुधवार की सुबह करीब पांच बजे ट्रक की चपेट में आने सें कन्हैयालाल बिंद 48 पुत्र शिवप्रसाद बिंद की मौत हो गई। कन्हैया शिवपुरवा मोहल्ले के गांधी चौक का निवासी था।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अपने प्रियजन को मृत अवस्था में देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उन्होंने घटनास्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। माहौल बेहद भावुक और तनावपूर्ण हो गया था।
सूचना मिलने पर सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध ट्रक की पहचान हो गई है। अब पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














