ब्रेकिंग न्यूज़

UP News: उदय प्रताप कॉलेज में छात्रों ने खून से लिखी मुख्यमंत्री को चिट्ठी

Published on:

UP News

UP News: भोजूबीर स्थित यूपी कॉलेज परिसर में छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले को लेकर छात्रों में उबाल देखने को मिल रहा है। पुलिस प्रशासन की लचर कार्रवाई और आरोपियों की ओर से मिल रही लगातार धमकियों से क्षुब्ध होकर छात्रों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। मंगलवार को छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपने खून से पत्र लिखकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।

मंगलवार को कॉलेज परिसर से मार्च निकालते हुए छात्र जिला मुख्यालय पहुंचे और मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए। छात्रों का नेतृत्व कर रहे पूर्व छात्र चंदन सिंह ने आरोप लगाया कि एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस असली साजिशकर्ताओं तक नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने कहा, ‘हमें अब बनारस पुलिस पर विश्वास नहीं रहा। कैंपस में हथियार किसने और कैसे पहुंचाए, इसका खुलासा अब तक नहीं हुआ है।’

छात्रों का आरोप, जेल से मिल रही धमकी

प्रदर्शनकारी छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य अभियुक्त मंजीत का भाई सोशल मीडिया के जरिए लगातार छात्रों को डरा-धमका रहा है। छात्रों के अनुसार, आरोपी जेल से चिट्ठी भेजकर केस वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मुख्य अभियुक्त के भाई की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि उसे पूरी साजिश की जानकारी थी।

छात्रों की मांग है कि मुख्य अभियुक्त मंजीत को वाराणसी जेल से किसी अन्य मंडल की जेल में ट्रांसफर किया जाए। धमकी देने वाले आरोपी के भाई को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। कॉलेज कैंपस के भीतर असलहा पहुंचाने वाले मददगारों का पर्दाफाश हो। छात्रों ने अपने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री, आईजी और डीआईजी को प्रेषित किया है। छात्रों का कहना है कि अगर इस पत्र पर संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरने के लिए बाध्य होंगे।

ये भी पढ़े-

Apple Foldable iPhone : पहली बार एपल ला रहा फोल्डेबल आईफोन, … मिलेगा DSLR जैसा कैमरा 

दो घंटे दर्द से तड़पती रही प्रसूता स्टाफ के इंजेक्शन लगाने से मौत, परिजनों ने किया BMC में हंगामा